यूपी के इस जिले में मिला हैंड ग्रेनेड; Police ने इलाके को किया सील, फायर ब्रिगेड भी पहुंची

सूचना मिलने के करीब 10 मिनट बाद पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी। इसके अलावा किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी हरपालपुर कोतवाली बुलाया गया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 August 2026, 1:53 PM IST
google-preferred

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार सुबह एक ग्रामीण के घर के सामने खेत में हैंड ग्रेनेड का खोखा मिलने से हड़कंप मच गया। घटना हरपालपुर क्षेत्र के जोधनपुरवा मजरा पलिया गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर इलाके को सील कर दिया।

छत पर गिरी थी भारी वस्तु, सुबह पता चला हैंड ग्रेनेड जैसा सामान

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र रामसेवक राठौर के घर के सामने खेत में यह संदिग्ध वस्तु मिली। सतीश कुमार ने बताया कि गुरुवार रात खाना खाते समय उनके घर की छत पर पड़े तिरपाल पर अचानक कोई भारी वस्तु आकर गिरी थी।

उन्होंने डर के कारण उस वस्तु को लकड़ी की मदद से उठाकर पन्नी में लपेट दिया और घर से बाहर खेत की तरफ रख दिया। शुक्रवार सुबह जब उन्होंने उसे ध्यान से देखा तो उन्हें हैंड ग्रेनेड होने की आशंका हुई।

इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी दी और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

Police ने इलाके को किया सील, फायर ब्रिगेड भी पहुंची

सूचना मिलने के करीब 10 मिनट बाद पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद हरपालपुर कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी। इसके अलावा किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी हरपालपुर कोतवाली बुलाया गया है।

पुरानी रंजिश में हैंड ग्रेनेड फेंकने का आरोप

ग्रामीण सतीश कुमार ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि सांडी क्षेत्र में रहने वाले उनके कुछ रिश्तेदारों ने उनके घर की ओर हैंड ग्रेनेड फेंका हो सकता है।

हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Bomb Disposal Squad करेगी जांच

क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि डायल-112 के जरिए हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) को सूचना दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि टीम के पहुंचने के बाद संदिग्ध वस्तु की जांच की जाएगी और नियमानुसार उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hardoi

Published :  28 August 2026, 1:53 PM IST

Advertisement