इटावा में गरजे अखिलेश यादव- ‘सवालों से घबराती है भाजपा’, जेपी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

रक्षाबंधन के मौके पर सैफई पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महंगाई, किसानों, शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और उद्योगपतियों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सवालों से घबराती है और आरोप लगाया कि जेपी के नाम और विचारों को भी बेच दिया गया। पड़ोसी देश में हुई आपदा पर भी उन्होंने वैज्ञानिक जांच की बात कही।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 August 2026, 4:02 PM IST
google-preferred

Etawah: रक्षाबंधन के मौके पर सैफई पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर एक के बाद एक तीखे हमले किए। इटावा में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, किसानों, शिक्षा और उद्योगपतियों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सवालों से घबराती है और आरोप लगाया कि जयप्रकाश नारायण के नाम और विचारों को भी राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

'जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे उम्मीद क्या'

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए जयप्रकाश नारायण यानी जेपी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी जेपी की तस्वीर और उनके विचारों को अपने राजनीतिक आधार के तौर पर इस्तेमाल किया, आज वही उनके नाम और विचारों को बेचने का काम कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग जेपी को बेच सकते हैं, उनसे भलाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

'भाजपा सवालों से घबराती है'

अखिलेश यादव ने शिक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सैफई और लखनऊ में स्वीकृत नए प्राथमिक स्कूलों के निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सामंतवादी और वर्चस्ववादी सोच रखने वाले लोग नहीं चाहते कि गरीब का बच्चा पढ़े-लिखे। उनका कहना था कि पढ़ा-लिखा गरीब जब अपने अधिकारों और सरकार की नीतियों को लेकर सवाल करने लगता है तो सत्ता के लोगों को परेशानी होती है।

शामली मर्डर केस पर भड़के अखिलेश यादव: 4 शूटरों के दुस्साहस पर उठाये सवाल, जानें किसके इशारे पर हुई हत्या?

महंगाई को लेकर सरकार पर हमला

अखिलेश ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महंगाई का असर बाजारों और त्योहारों पर साफ दिखाई दे रहा है। चीनी की कीमतों और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने की रणनीति के तहत नीतियां बनाई जा रही हैं और इसके बदले राजनीतिक चंदे का फायदा लिया जा रहा है।

किसानों को लेकर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की ओर से बड़ी कंपनियों के साथ किए जा रहे एमओयू का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन समझौतों का असर किसानों पर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी नीतियों के चलते आने वाले समय में किसानों के हाथ से खेती छिनने का खतरा है। सपा प्रमुख ने किसान और कृषि से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।

महिलाओं को लेकर अखिलेश ने किया बड़ा वादा

रक्षाबंधन के मौके पर अखिलेश यादव ने महिलाओं के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए नीतिगत फैसले किए जाएंगे और उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे।

“नारी सिर्फ नारा बनकर रह गई”… भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, डिंपल यादव बोलीं- महिलाओं के सम्मान में सिर्फ समाजवादी मैदान में

पड़ोसी देश की आपदा पर भी बोले अखिलेश

मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने पड़ोसी देश में हुई बड़ी प्राकृतिक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना की वास्तविक वजह वैज्ञानिक तरीके से पता लगाई जानी चाहिए। अखिलेश ने संभावना जताई कि घटना भूकंप की वजह से हुई हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि बर्फ का कोई बड़ा हिस्सा नदी में गिरने से अस्थायी रुकावट बनी हो और बाद में बर्फ पिघलने से पानी का तेज बहाव आया हो, इसकी संभावना की भी वैज्ञानिक जांच होनी चाहिए।

रक्षाबंधन पर सैफई में कार्यकर्ताओं से मिले

रक्षाबंधन के अवसर पर अखिलेश यादव सैफई पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने त्योहार की शुभकामनाएं भी दीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

Location :  Etawah

Published :  28 August 2026, 4:02 PM IST

Related News

Advertisement