हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। मकनपुर रोड पर कार सवार अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के खुर्द खोजनपुर गांव के सामने मंगलवार सुबह करीब 9:40 बजे यह घटना हुई।
मृतक की पहचान राजू (35) के रूप में हुई है। वह पेशे से दुकानदार था और बिल्हौर के वैष्णो नगर में किराये के मकान में रहता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह राजू साइकिल से देवहा की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर गांव के पास पहुंचा, तभी कार सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने राजू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखकर राहगीरों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हौर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
Location : Kanpur
Published : 22 September 2026, 11:31 AM IST
Topics : Bilhaur Murder Case Kanpur Breaking News Kanpur Crime News Kanpur Murder Case Kanpur Police Investigation