हिंदी
झांसी का देवरी सिंहपुरा गांव गम में डूबा
Jhansi: जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव में मंगलवार को सुखनई नदी में नहाते समय हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। हादसे में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब पांचों के शव गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। देर रात एक साथ पिता-पुत्र और दो भाइयों की चिताएं जलीं तो हर आंख नम हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही पांचों मृतकों के शव गांव पहुंचे, घर से लेकर पूरे गांव तक चीख-पुकार मच गई। परिजन शवों से लिपटकर रोते-बिलखते नजर आए। करुण क्रंदन के बीच वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
इस हादसे में एक महिला के पुत्र की भी मौत हुई है। बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले ही जालौन से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने अपने पिता के घर आई थी। लेकिन अगले ही दिन हुए हादसे में उसके बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। बेटे को खोने के गम में मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
देर रात अंतिम संस्कार के दौरान जब एक साथ पिता-पुत्र और दो भाइयों की चिताएं जलीं तो पूरा गांव गम में डूब गया। पांच अर्थियां और एक साथ जलती चिताओं का मंजर बेहद हृदय विदारक था। परिजनों की चीख-पुकार और सिसकियों के बीच क्षेत्र के लोगों की भी आंखें छलक उठीं।
इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान योगी आदित्यनाथ ने भी लिया। मुख्यमंत्री की ओर से स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने और शासन की ओर से हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसएसपी विकास कुमार और संसद डॉ. अनुराग शर्मा सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
Location : Jhansi
Published : 30 September 2026, 2:24 AM IST