मेरठ में 40 बीघा जमीन के लिए बेटे को बुलाकर पिता ने ही उतारा मौत के घाट, स्कॉर्पियो में मिली लाश

मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में हापुड़ निवासी तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पहले यह मामला अपहरण का लग रहा था, लेकिन जांच में सामने आया कि 40 बीघा जमीन विवाद में मृतक के पिता ने ही अपने साथी के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 June 2026, 5:56 AM IST
google-preferred

Meerut : मेरठ की धरती एक बार फिर खून से सनी एक ऐसी वारदात की गवाह बनी है। जिसने रिश्तों पर भरोसे को हिला दिया है। जहां एक बेटे ने अपने ही पिता को सहारा समझा, वहीं उसी पिता ने उसे मौत की ऐसी साजिश में फंसा दिया, जिसका अंत गोली की आवाज के साथ हुआ। 40 बीघा जमीन के लालच और पारिवारिक विवाद ने एक घर को मातम में बदल दिया।

पहले अपहरण, फिर हत्या का खुलासा

हापुड़ निवासी 25 वर्षीय तुषार त्यागी सोमवार रात घर से स्कॉर्पियो लेकर निकला था। कुछ देर बाद उसने व्हाट्सएप कॉल पर बताया कि उसे कुछ लोग जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों को पहले अपहरण का शक हुआ, लेकिन मामला कुछ ही घंटों में हत्या में बदल गया।

हाईवे किनारे मिली लाश

खरखौदा थाना क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर गांव पांची के पास तुषार की स्कॉर्पियो कार खड़ी मिली। अंदर उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सिर और गर्दन में गोली मारी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मोहब्बत में किशोरी ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, हादसे से पहले मां ने घर पर बुलाया था प्रेमी, पढ़ें मेरठ का बड़ा मामला

पिता ही निकला मास्टरमाइंड

जांच में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि इस हत्याकांड के पीछे कोई बाहरी नहीं बल्कि मृतक का पिता सुंदर त्यागी ही शामिल था। उसके साथ देहरादून निवासी अमित ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

40 बीघा जमीन बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार तुषार गांव की 40 बीघा जमीन बेचकर कारोबार करना चाहता था, जिसका उसके पिता विरोध कर रहे थे। इसी विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि पिता ने ही बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रच दी।

झांसे में लेकर बुलाया और मार डाला

परिजनों के मुताबिक तुषार को फोन कर खाना लाने के बहाने बुलाया गया था। जैसे ही वह निकला। उसे पहले अगवा किया गया और फिर गोली मार दी गई। शुरुआती जांच में दो अन्य नाम भी सामने आए थे लेकिन बाद में असली साजिशकर्ता पकड़ में आ गए।

पुलिस जांच जारी

एसपी देहात अभिजीत सिंह के अनुसार, सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Location :  Meerut

Published :  3 June 2026, 5:55 AM IST

Related News

Advertisement