हिंदी
गिरफ्तार आरोपी (Img : Google)
Muzaffarnagar : ठगी का एक ऐसा बड़ा खेल सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। पैसा डबल करने का लालच देकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले दो शातिर जालसाज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके पास से भारी नकदी और कई एटीएम कार्ड बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ककरौली थाना पुलिस गेट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बेहड़ा सादात चौराहे की ओर से बिना हेलमेट स्कूटी पर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रोका। स्कूटी की नंबर प्लेट ई-चालान एप पर चेक करने पर वह किसी और व्यक्ति के नाम निकली, जिससे पुलिस को शक गहरा गया।
पुलिस ने जब स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली तो एक बैग मिला। क्षेत्राधिकारी भोपा की मौजूदगी में जब बैग खोला गया तो उसमें 6 लाख 13 हजार 70 रुपये नकद और 8 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मुजफ्फरनगर में डबल सनसनी: अधजला शव मिला, दूसरी ओर यूरिया माफिया गैंग का भंडाफोड़
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ग्रामीणों को पैसा डबल करने का झांसा देकर उनका भरोसा जीतते थे। इसके बाद वे लोगों के एटीएम कार्ड और पासवर्ड अपने पास रख लेते थे और खातों से चोरी-छिपे पैसे निकालकर उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश करते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद एटीएम कार्ड उनके गांव सलिमपुर के लोगों के हैं। आरोपी पहले लोगों को भरोसे में लेते थे और फिर धीरे-धीरे उनके बैंक खातों तक पहुंच बनाकर रकम निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार यह एक संगठित ठगी गिरोह हो सकता है। पूरे नेटवर्क और अब तक कितने लोग इसके शिकार हुए हैं। इसकी जांच की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और पूरे गिरोह की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 3 June 2026, 2:21 AM IST