हिंदी
डाइनामाइट न्यूज़ की खबर के बाद पैमाइश के आदेश
Siddharthnagar News: उसका बाजार में पयोहारी आश्रम और नगर पंचायत के बीच भूमि विवाद का मामला अब प्रशासन के स्तर पर पहुंच गया है। व्यापारियों की चिंता और बाजार में बढ़ते विवाद को लेकर डाइनामाइट न्यूज़ की खबर के बाद प्रशासन ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। उपजिलाधिकारी नौगढ़ ने विवादित भूमि की पैमाइश के लिए आधिकारिक आदेश जारी करते हुए राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की है।
उसका बाजार के व्यापारियों की ओर से रामजानकी मार्केट के 17 दुकानदारों की सुरक्षा और बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। व्यापारियों ने भूमि विवाद को लेकर उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताई थी। इस पूरे मामले को डाइनामाइट न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाया था। खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पैमाइश कराने का निर्णय लिया है। इससे विवाद से जुड़े पक्षों के बीच भूमि की स्थिति को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
उपजिलाधिकारी नौगढ़ कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पत्रांक 1837, दिनांक 3 अक्टूबर 2026 के तहत गाटा संख्या 58क में दर्ज 0.258 हेक्टेयर भूमि की पैमाइश की जानी है। यह भूमि अमृत 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी के निर्माण से जुड़ी बताई गई है। पैमाइश के लिए नायब तहसीलदार (उसका) की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम को 6 अक्टूबर 2026 को मौके पर पहुंचकर भूमि की निष्पक्ष पैमाइश करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने पैमाइश के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मौके पर किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। टीम को पैमाइश के बाद अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपनी होगी। प्रशासन के इस आदेश के बाद उसका बाजार में भूमि विवाद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब सबकी नजर 6 अक्टूबर की पैमाइश पर है। स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति के आधार पर भूमि की स्थिति स्पष्ट होगी और बाजार में लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सकेगी।
Location : Siddharthnagar
Published : 4 October 2026, 8:59 PM IST