Noida Fire: देर रात हाईराइज सोसायटी में भयंकर आग, धू-धू कर जली 12वीं मंजिल का फ्लैट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में देर रात लगी भीषण आग ने हाईराइज इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। टावर-21 की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 30 April 2026, 2:38 PM IST
google-preferred

Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में देर रात अचानक लगी आग ने पूरे परिसर में अफरातफरी मचा दी। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित इस हाईराइज सोसायटी के टावर-21 की 12वीं मंजिल पर बने फ्लैट में यह हादसा हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। रात का समय होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, लेकिन धुआं और आग की लपटें देखकर सोसायटी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

बताया गया कि फ्लैट नंबर 1202 में रहने वाले धीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। देर रात करीब एक बजे पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें आग लगने की सूचना दी। आग बालकनी की ओर से फैलती दिखाई दी, जिसके बाद परिवार ने तुरंत बाहर निकलने का फैसला किया। समय रहते सभी सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फ्लैट का सारा सामान जलकर राख

आग की सूचना मिलते ही सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को बुलाया गया, लेकिन शुरुआती समय में आग बुझाने के लिए पर्याप्त उपकरण उपलब्ध नहीं थे। आग तेजी से बढ़ती चली गई और देखते ही देखते पूरे फ्लैट में फैल गई। हालात बिगड़ते देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

Gorakhpur: लखनऊ कूच कर रहे प्रधानों को पुलिस ने रोका, ‘हाउस अरेस्ट’ का आरोप

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ऊंची इमारत में पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक फ्लैट में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था।

आग में बेड, सोफा, फ्रिज, एसी, मोबाइल फोन और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फ्लैट के अंदर मौजूद अधिकांश चीजें राख में बदल गईं। घटना के दौरान सोसायटी के लोग नीचे इकट्ठा हो गए और काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

शॉर्ट सर्किट और एसी कंप्रेसर विस्फोट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जानकारी के मुताबिक वायरिंग में स्पार्क होने के बाद आग एसी के कंप्रेसर तक पहुंच गई, जिससे विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई। हालांकि परिवार का कहना है कि घटना के समय एसी चालू नहीं था।

Fatehpur: मुठभेड में पुलिस ने बदमाश को मारी गोली, जानें कितने केस दर्ज हैं अपराधी पर

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार रात करीब 12:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित किया और बड़ी दुर्घटना होने से रोक लिया। इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती समय में पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

Location :  Noida

Published :  30 April 2026, 2:38 PM IST

Advertisement