हिंदी
सिसवा कस्बे में स्थित श्रीश्याम मंदिर में रविवार को दो दिवसीय 50वें स्वर्ण जयंती श्रीश्याम महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई विशाल निशान शोभायात्रा और अखंड ज्योति स्थापना ने पूरे कस्बे को भक्तिमय कर दिया। महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने फीता काटकर किया।
श्रीश्याम महोत्सव का भव्य आगाज
Maharajganj: सिसवा कस्बे में स्थित श्रीश्याम मंदिर में रविवार को दो दिवसीय 50वें स्वर्ण जयंती श्रीश्याम महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई विशाल निशान शोभायात्रा और अखंड ज्योति स्थापना ने पूरे कस्बे को भक्तिमय कर दिया।
महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्याम प्रभु का आशीर्वाद नगर पर सदैव बना रहे, यही कामना है। समारोह का आयोजन श्रीश्याम मंडल, मारवाड़ी युवा मंच एवं श्रीश्याम महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
भक्ति के रंग में रंगा नगर
श्री श्याम मंदिर के पुजारी द्वारा प्रभु श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। शोभायात्रा जैसे ही श्याम मंदिर से निकली, भक्तों ने जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। महिला मंडल की सदस्याएं हाथों में निशान ध्वज लिए सबसे आगे चल रही थीं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। यह निशाना यात्रा फलमंडी, स्टेट चौक, श्रीराम जानकी मंदिर, अमरपुरवा तिराहा, गोपाल नगर व रेलवे स्टेशन रोड होते हुए पुनः श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया।
मंदिर प्रांगण में अखंड ज्योति प्रज्वलित करने के साथ ही 24 घंटे के लिए अनवरत भजन-कीर्तन का क्रम शुरू हो गया। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष संत कुमार जालान, हरिराम भालोटिया, बाबूलाल अग्रवाल, दिनेश (मंटू) भालोटिया, गिरधारी केडिया, संदीप सिंहानिया, धीरज सिंहानिया, लक्ष्मण तुलस्यान, मोहन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अश्वनी भालोटिया, अंकित कुमार, गौरव अग्रवाल, बजरंगी अग्रवाल, अशोक शर्मा, आशीष सुल्तानिया, राम सुंदर मित्तल, संदीप (बब्लू) शर्मा, रमेश सरावगी और कौशल केडिया आदि का विशेष सहयोग रहा। साथ ही महिला मंडल से उमा जालान, प्रेमलता सिंहानिया, मीना बंका, राधा सरावगी, समता शर्मा, सुधा, शारदा अग्रवाल, प्रिया सिंहानिया, ज्योति सिंहानिया और मुक्ता सिंहानिया समेत सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।