हिंदी
मासूम की मौत (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: उरुवा थाना क्षेत्र के पिपरा पांडेय में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पत्नी के इलाज के लिए घर आए विनय पांडेय अपने परिवार के साथ कार से गोरखपुर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े परिवार से जा टकराया। हादसे में दो वर्षीय देवांश की मौत हो गई, जबकि उसकी चार माह की रिश्तेदार तृषा समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पिपरा पांडेय निवासी विनय पांडेय नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी श्वेता का करीब डेढ़ माह पहले ऑपरेशन हुआ था। टांकों में परेशानी के चलते उन्हें उपचार के लिए गुरुवार को गोरखपुर ले जाने की तैयारी थी। इसी सिलसिले में विनय दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे।
गुरुवार सुबह परिवार के लोग घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे और कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उरुवा की तरफ से तेज रफ्तार ऑटो अचानक बेकाबू होकर उनकी ओर आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो ने परिवार के लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। विनय का दो वर्षीय बेटा देवांश भी इसकी चपेट में आ गया।
हादसे के दौरान वहां बस का इंतजार कर रहे अमोढ़ा निवासी श्रवण सिंह को भी ऑटो ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चालक ऑटो लेकर सिकरीगंज की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
Kanpur Dehat News: आग की लपटों ने गरीब का सब कुछ तबाह कर दिया, पलभर में राख हुआ आशियाना
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद देवांश को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार माह की तृषा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। एक अन्य घायल का भी उपचार कराया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर उरुवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देवांश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार मुकदमा दर्ज कर फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक देवांश के दादा सागर पांडेय और दादी तारा पांडेय रविवार को तीर्थ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे थे। रिश्तेदार विदाई के लिए घर पर जुटे थे। इसी बीच हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। देवांश की मौत के बाद दादी तारा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Gorakhpur
Published : 24 September 2026, 3:56 PM IST