हिंदी
विरासत गलियारा लेकर व्यापारियों में आक्रोश
Gorakhpur: जिस विरासत गलियारा परियोजना को शहर के विकास और सौंदर्यीकरण का प्रतीक माना जा रहा था, वही आज आसपास के व्यापारियों के लिए गंभीर संकट बन चुकी है। निर्माण कार्य में भारी देरी, बेतरतीब खुदाई, अव्यवस्थित कार्यप्रणाली और ठेकेदार की कथित गुंडई से आक्रोशित व्यापारियों ने समस्त व्यापार मंडल के नेतृत्व में मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
व्यापारियों का आरोप है कि नालियों और सड़कों के निर्माण के नाम पर महीनों पहले गहरे गड्ढे खोद दिए गए, लेकिन न तो काम की रफ्तार है और न ही सुरक्षा के इंतजाम। सड़कों पर मलबा फैला हुआ है, नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और दुकानों तक पहुंचना दूभर हो गया है। परिणामस्वरूप ग्राहक आना बंद हो गए हैं और व्यापार पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुंच चुका है।
समस्त व्यापार मंडल के नितिन जायसवाल के नेतृत्व में तथा गुड्स एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष सिंह के साथ धर्मशाला से जटाशंकर तक के व्यापारी मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से मिले। नितिन जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि व्यापारी विकास विरोधी नहीं हैं, बल्कि अव्यवस्थित और गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली के खिलाफ हैं।
लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार बिना ठोस योजना के खुदाई कर छोड़ दे रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। कई व्यापारी आर्थिक तंगी और भुखमरी की स्थिति में पहुंच चुके हैं।
India US Trade Deal: क्या रूस से तेल नहीं खरीदेगा भारत, इस कदम से देश को क्या होगा नफ़ा-नुकसान
व्यापारियों ने मांग की कि जहां काम प्रस्तावित हो, वहां सीमित समय में खुदाई कर उसी गति से निर्माण पूरा कराया जाए। मलबा तत्काल हटाया जाए, नालियों की नियमित सफाई हो और सड़कों पर पड़े गड्ढों को तुरंत भरा जाए।
गुड्स एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने पर ठेकेदार के लोग गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है।
मंडलायुक्त ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी को तत्काल संवाद कर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से दुर्व्यवहार करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो उन्हें परियोजना से हटाया जाएगा।
गोरखपुर SSP का ताबड़तोड़ एक्शन, 25 हजार इनामी खूंखार बदमाश समेत दो डकैत गिरफ्तार
इस दौरान देवेश वैश्य, अनूप कुमार गुप्ता, आलोक वैश्य, अनुराग गुप्ता, सुशील कुमार, कविता रमानी, विनोद गुप्ता, योगेंद्र वैश्य, साहिल जायसवाल सहित दर्जनों व्यापारी उपस्थित रहे।
Location : गोरखपुर
Published : 3 February 2026, 1:50 AM IST
Topics : Divisional Commissioner and District Magistrate Gorakhpur Heritage Corridor Project submit memorandum Traders