हिंदी
सड़क हादसे में तीन की मौत ( Img: DN)
Gorakhpur (Gola Bazar): रविवार देर रात गोला थाना क्षेत्र के भर्रोह के पास रामजानकी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्राम कोहड़ी निवासी प्रसून यादव उर्फ अंकुर (पुत्र दिनेश यादव), कुणाल यादव (पुत्र देवेंद्र यादव) और अजय यादव (पुत्र रविंद्र यादव) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 18 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली राशन का सामान लेकर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। तीसरे गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं यह भी आशंका जताई जा रही है कि रात के समय कम दृश्यता और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर या पर्याप्त लाइटिंग न होने के कारण यह हादसा हुआ।
Gorakhpur: हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रामजानकी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त ट्रैफिक नियम लागू करने, स्पीड लिमिट तय करने और रात में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, क्योंकि जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 April 2026, 12:26 PM IST