हिंदी
सलाखों के पीछे बंद आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में मां-बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी ही मां पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसकी शिकायत पर सहजनवा पुलिस हरकत में आई और कुछ ही समय में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 अगस्त 2026 की है। आरोपी सुब्रत, पुत्र रामअचल, निवासी भिटनी, थाना सहजनवा, जनपद गोरखपुर का अपनी मां से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। इसके बाद गुस्से में आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था, जिससे महिला घायल हो गई।
ये भी पढ़ें- दहेज की कीमत जान से चुकानी पड़ी? गोरखपुर में दहेज हत्या केस में दो सगे भाई गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
घटना के बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर सहजनवा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 406/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सहजनवा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उसे साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आगे की जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ पड़ा भारी: सुलतानपुर के 4 थानों से 14 लोग हिरासत में, भेजे गए कोर्ट
सहजनवा पुलिस ने साफ किया है कि घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश यादव, कांस्टेबल राहुल यादव और कांस्टेबल रामप्रवेश यादव शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 6 August 2026, 7:53 PM IST