हिंदी
सिकरीगंज में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष (Img: Dyanmite News)
Gorakhpur: गोरखपुर, 31 मई। गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र स्थित ढखवा गांव में शनिवार की देर रात को जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वर्षों से चली आ रही भूमि रंजिश के बीच 26 वर्षीय युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान पिंटू साहनी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बीती रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप धारण कर लिया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने पिंटू साहनी पर लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बताया जा रहा है कि गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पर सिकरीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
सीओ खजनी विवेक तिवारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुखदमा दर्ज होगा ,फ़िरहाल रविवार के 9 बजे तक तहरीर नही आई है , गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।कुछ को हिरासत में ले लिया गया है ।
Gorakhpur News: 8 साल बाद मिला इंसाफ! नाबालिग से हैवानियत करने वाले को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली जमीन विवाद किस तरह जानलेवा संघर्ष में बदल रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और ग्रामीण पुलिस कार्रवाई पर नजर लगाए हुए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 31 May 2026, 11:27 AM IST