हिंदी
फायरिंग के बाद पुलिस का एक्शन मोड़
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के जरिया थाना क्षेत्र के करियारी गांव में शुक्रवार दोपहर पट्टे की जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुई कहासुनी के दौरान एक युवक को तमंचे से गोली मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी और हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक करियारी गांव निवासी अर्जुन (36) पुत्र मुरलीधर का अपने चचेरे भाई कन्हैया पुत्र इंद्रपाल के साथ पट्टे की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान कन्हैया ने 315 बोर के तमंचे से अर्जुन पर फायर कर दिया। गोली अर्जुन की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
Hamirpur में दिल दहलाने वाला हादसा, तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 3 मासूमों की मौत
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अर्जुन को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
Hamirpur Bridge Collapse: 6 श्रमिकों की मौत का दोषी कौन?
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कन्हैया मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पट्टे की जमीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Location : Hamirpur
Published : 12 June 2026, 7:52 PM IST