UP में प्री-मानसून की धुआंधार एंट्री: आंधी-बारिश से लुढ़का पारा, जानें लखनऊ-नोएडा में आज कैसा रहेगा मौसम

यूपी में आंधी-बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग ने आज शनिवार 13 जून को नोएडा, आगरा और वाराणसी समेत 25 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। जानिए मानसून की एंट्री और अपने जिले का हाल

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 13 June 2026, 8:29 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। शुक्रवार की रात पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और इसके आस-पास के इलाकों में तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और लू के सितम को पूरी तरह खत्म कर दिया है। शनिवार की सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 13 जून शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को फिलहाल उमस और तपिश से बड़ी राहत मिलती दिख रही है।

नोएडा में आज भी बरसेंगे बादल, लखनऊ में खिलेगी धूप

राजधानी लखनऊ और दिल्ली से सटे नोएडा-गाजियाबाद के मौसम में आज बड़ा अंतर देखने को मिल सकता है। लखनऊ में आज सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि, दोपहर 11 बजे के बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल जरूर छा सकते हैं, लेकिन आज यहाँ बारिश की उम्मीद नहीं है।

लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, नोएडा और गाजियाबाद में आज दिनभर बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और दोपहर के बाद कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है।

UP Weather Alert: आसमान से आई राहत, अब फिर बढ़ेगी गर्मी! जानिए किन जिलों में बरसेगा बादल और कहां गिरेगा ओला

इन 25 जिलों में आंधी-तूफान और आसमानी बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) की गंभीर चेतावनी जारी की है। इन जिलों में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली और संत रविदास नगर शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

30 अन्य जिलों में भी होगी हल्की बूंदाबांदी

मुख्य अलर्ट वाले जिलों के अलावा प्रदेश के करीब 30 अन्य जिलों में भी मौसम सुहाना रहेगा। सहारनपुर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद में कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। इसके साथ ही रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, कानपुर, फतेहपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, प्रतापगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में भी एक या दो जगहों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, हालांकि यहाँ के लिए कोई गंभीर चेतावनी नहीं है।

Weather Update: आसमान से बरसेगी आफत! पहाड़ी इलाकों में बिगड़ेगा मौसम, अगले 24 घंटे इन राज्यों के लिए बेहद भारी

20 जून के बाद मानसून की दस्तक, पर अल-नीनो बढ़ाएगा टेंशन

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में यह बदलाव प्री-मानसून की सक्रियता की वजह से दिख रहा है। पश्चिमी यूपी में 17 जून तक रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा, जबकि 18 जून को पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से बारिश दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून की आधिकारिक एंट्री 20 से 21 जून के बाद हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने एक चिंता भी जताई है कि इस साल 'अल नीनो' के प्रभाव के कारण मानसून थोड़ा कमजोर पड़ सकता है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है।

Location :  Lucknow

Published :  13 June 2026, 8:15 AM IST

Related News

Advertisement