हिंदी
दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल
Budaun : जिले के कोतवाली बिसौली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बिल्सी-बिसौली मार्ग पर स्थित रानेट पुलिस चौकी के पास हुआ। जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नियमित गश्त कर रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
बदायूं के कोतवाली बिसौली क्षेत्र में देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। बिल्सी-बिसौली मार्ग पर रानेट पुलिस चौकी के पास ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दरोगा देवराज सिंह और कांस्टेबल… pic.twitter.com/zbDSgmdTFP
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 12, 2026
जानकारी के अनुसार दरोगा देवराज सिंह और कांस्टेबल अमित चव्हल शुक्रवार शाम क्षेत्र में रूटीन गश्त पर निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे से कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों में हड़कंप मच गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायल पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दरोगा देवराज सिंह की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि कांस्टेबल अमित चव्हल का भी इलाज जारी है।
बदायूं में सांसद आदित्य यादव के जन्मदिन की धूम, आवास पर कटा केक, अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने वाहन को थाने भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में चिंता का माहौल बन गया। साथी पुलिसकर्मी लगातार घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घायल पुलिसकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Budaun
Published : 13 June 2026, 12:50 AM IST
Topics : Budaun News crime news Road Accident UP Police