मैनपुरी से अखिलेश यादव की हुंकार, बोले- बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू, कई नेताओं की टिकट होगी साफ

मैनपुरी पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, लोकतंत्र और एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर बड़ा हमला बोला। उन्होंने 2027 चुनाव, इंडिया गठबंधन और ममता बनर्जी मामले पर भी अपनी बात रखी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 June 2026, 11:58 PM IST
google-preferred

Mainpuri : मैनपुरी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने महंगाई, भ्रष्टाचार, लोकतंत्र, एजेंसियों के इस्तेमाल और आगामी चुनाव को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।

डॉलर और रुपये को लेकर सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि जितना डॉलर ऊपर जाएगा और रुपया नीचे जाएगा, उतनी ही चीजें महंगी होती जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा और चाय जैसी रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन जमीन पर जनता महंगाई और परेशानियों से जूझ रही है।

स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर तंज

सपा प्रमुख ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी बनाने वालों ने स्मार्ट मीटर लगाए थे, लेकिन गरीबों और किसानों ने उन्हें उखाड़कर फेंक दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है।

मैनपुरी के बेवर कस्बे में सरेराह बीच सड़क पर युवक को गोलियों से भूना, दिनदहाड़े फायरिंग से कांपा इलाका

मंत्री और विधायकों की टिकट को लेकर किया बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए कहा कि सरकार में मंत्री तक सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि अभी एक मंत्री का विभाग हटा दिया गया है और आने वाले समय में कई विधायकों की टिकट भी साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।

ममता बनर्जी मामले पर लोकतंत्र को बताया खतरा

बंगाल की राजनीति को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह से एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, यह लोकतंत्र के लिए चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि अगर यह परंपरा बन गई तो सरकार बदलने के बाद हर नया मुख्यमंत्री पुराने मुख्यमंत्री पर मुकदमे दर्ज कराएगा।

इंडिया गठबंधन को लेकर दिया बयान

अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष अगर एकजुट रहता है तो बीजेपी को हराया जा सकता है। उन्होंने इंडिया गठबंधन और कांग्रेस को लेकर कहा कि सभी को मिलकर लोकतंत्र बचाने के लिए काम करना होगा।

2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी

एजेंसियों के दुरुपयोग के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो समाजवादी पार्टी संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए।

अखिलेश यादव ने भाषा की गिरती मर्यादा पर भी चिंता जताई और कहा कि राजनीति में विरोध होना चाहिए, लेकिन सम्मान की सीमा नहीं टूटनी चाहिए। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर आरोप लगाया कि राजनीतिक चर्चा का स्तर गिराया जा रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  12 June 2026, 11:56 PM IST

Advertisement