हिंदी
CMO ऑफिस (Img: Google)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय उस समय अचानक सुर्खियों में आ गया जब यहां कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई। इस घटना के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामला एक सीज किए गए निजी हॉस्पिटल के संचालन और उसके रिनिवल से जुड़ा बताया जा रहा है।
सीज हॉस्पिटल संचालक की पत्नी ने सदर कोतवाली पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लोधीगंज स्थित उनके अस्पताल का रिनिवल प्रक्रिया में था, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा कथित रूप से पैसे की मांग की गई। पैसे न देने पर अस्पताल को सीज कर दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि रिनिवल के बाद भी उनके पति विनय लोधी को लगातार परेशान किया जा रहा था।
Budaun Road Accident: रात का सफर बना आखिरी सफर, गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ दिल दहला देने वाला हादसा
आरोपों के अनुसार, मंगलवार को हॉस्पिटल संचालक विनय लोधी CMO ऑफिस में तैनात बाबू अनिकेत के कक्ष में पहुंचे थे। वहां उन्होंने अस्पताल खोलने से जुड़ी जानकारी मांगी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान पैसे की मांग को लेकर गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि CMO कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकालकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उनका कहना है कि इससे सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई हो सकेगी। हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में लगे CCTV कैमरे इस समय कार्यरत नहीं हैं, जिससे जांच प्रक्रिया और जटिल हो गई है।
Vrindavan: मोबाइल चोर समझकर होमगार्ड ने रोका, लेकिन फिर जो हुआ उसने सबको चौंकाया!
इस मामले में बाबू अनिकेत सिंह ने लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उल्टा हॉस्पिटल संचालक द्वारा ही कार्यालय में हंगामा और मारपीट की गई। इस तरह दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जिससे मामला और उलझ गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने बताया कि घटना के समय वह एक मीटिंग में थे। हंगामे की सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्पिटल संचालक को कोतवाली भेज दिया गया। सीएमओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 12 June 2026, 4:41 PM IST