मेरठ में गरमाई सियासत, राम मंदिर मामले पर AAP का बड़ा ऐलान

जिले में आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर जांच नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 June 2026, 6:03 AM IST
google-preferred

Meerut : आम आदमी पार्टी (AAP) ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और हेराफेरी के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान माहौल राजनीतिक रूप से काफी गरम रहा और पार्टी नेताओं ने सरकार व संबंधित व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप, पारदर्शिता पर सवाल

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ मंदिर में चढ़ावा अर्पित करते हैं। ऐसे में चढ़ावे में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता के आरोप बेहद गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आरोप गलत हैं तो ट्रस्ट को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि जनता के बीच विश्वास बना रहे।

संजय सिंह के बयान का भी किया जिक्र

AAP नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह के हालिया बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जो सवाल उठाए गए हैं। उनका जवाब देना जरूरी है और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।

पहले के जमीन विवाद का भी उठा मुद्दा

प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ी जमीन खरीद के विवाद का भी जिक्र किया। उनका आरोप था कि पहले भी इस तरह की अनियमितताओं के मामले सामने आ चुके हैं। जिनकी जांच की मांग पार्टी द्वारा उठाई गई थी। नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से जनता के विश्वास पर असर पड़ सकता है।

राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राम मंदिर चढ़ावे की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले की जांच नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Location :  Meerut

Published :  13 June 2026, 6:03 AM IST

Advertisement