हिंदी
गोरखपुर में 10वीं की छात्रा का गंभीर आरोप (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा ने एक निजी स्कूल के प्रबंधक के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा के मुताबिक, आरोपी करीब चार महीने तक उसका शोषण करता रहा। विरोध करने पर उसे फेल करने, बदनाम करने और गाली-गलौज करने की धमकी दी जाती थी।
मामला तब और गंभीर हो गया, जब छात्रा के मुताबिक आरोपी ने उससे हुई बातचीत का ऑडियो कथित तौर पर वायरल कर दिया। ऑडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, उसकी छोटी बहन को पहले से मामले की जानकारी थी, जिसके बाद उसने छात्रा को संभाला और परिजनों को पूरी बात बताई। मामला जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर गोला थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता गोला क्षेत्र के एक निजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा की छात्रा है। उसके पिता मुंबई में काम करते हैं, जबकि वह अपनी मां, बाबा और छोटी बहन के साथ गांव में रहती है। छात्रा का आरोप है कि करीब चार महीने पहले छुट्टी के बाद स्कूल प्रबंधक के बेटे प्रतीक त्रिपाठी ने उसे अपने केबिन में बुलाया। छात्रा के मुताबिक, उस समय केबिन में वह अकेला था। अंदर जाने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर धमकाया।
छात्रा के मुताबिक, आरोपी इसके बाद भी उससे फोन पर बातचीत करता रहा। वह कथित तौर पर उसे आगे पढ़ाने और गोरखपुर शहर में पढ़ाई कराने का लालच देता था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उससे कहता था कि अगर उसे आगे बढ़ना है और शहर में पढ़ना है तो उसके साथ संबंध बनाने होंगे। उसने उसका पूरा खर्च उठाने, कमरा दिलाने और यहां तक कि उसके बाबा से बात करने की बात भी कही।
लगातार दबाव और कथित शोषण से परेशान छात्रा ने आखिरकार यह बात अपनी छोटी बहन को बताई। बहन ने उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि वह उसके साथ है। इसके बाद छात्रा ने परिवार के सामने पूरी बात बताने का फैसला किया। लेकिन इससे पहले मामला तब और बिगड़ गया जब उसने आरोपी से मिलने से इनकार कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, एक दिन आरोपी ने उसे दोबारा मिलने के लिए बुलाया, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। इससे आरोपी नाराज हो गया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने फोन पर उसके साथ गाली-गलौज की और उसे बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने दोनों की बातचीत का एक ऑडियो कथित तौर पर वायरल कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, ऑडियो वायरल होने के बाद छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, उसकी छोटी बहन को पहले से पूरी घटना की जानकारी थी। उसने छात्रा को संभाला और बाद में परिवार के अन्य सदस्यों को मामले की जानकारी दी। छात्रा की बात सुनकर परिजन भी सन्न रह गए। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
शुक्रवार को छात्रा अपने बाबा के साथ गोला थाने पहुंची। वहां उसने पुलिस को पूरी घटना बताई और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार छात्रा को फेल करने की धमकी देता था। ऑडियो वायरल होने के बाद उसकी मानसिक स्थिति काफी खराब हो गई थी और इसी तनाव में उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
मामले की जानकारी और कथित ऑडियो सामने आने के बाद गांव के कुछ लोग भी स्कूल पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को घेर लिया और हंगामा किया। मामला बढ़ता देख आरोपी के वहां से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गोला के सीओ दरवेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में सामने आए आरोपों, ऑडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 29 August 2026, 6:06 PM IST