शाम को मां से फोन पर बात, रात में मौत! महिला के मुंह से निकल रहा था झाग, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

फतेहपुर के हथगाम थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना दी थी। महिला को देर रात मायके लाया गया, जहां से परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 August 2026, 7:19 PM IST
google-preferred

Fatehpur: शाम को मां से फोन पर बात हुई, सब कुछ सामान्य था। लेकिन कुछ ही घंटे बाद ससुराल से ऐसी खबर आई, जिसने मायके वालों के होश उड़ा दिए। बताया गया कि महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उसके मुंह से झाग निकल रहा है। देर रात उसे मायके लाया गया, जहां से परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब महिला की मौत को लेकर मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मामला हथगाम थाना क्षेत्र के इसाकपुर मजरे निजामुद्दीनपुर गांव का है।

शाम सात बजे मां से हुई थी फोन पर बात

मायके पक्ष के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब सात बजे महिला ने अपनी मां शकुंतला देवी से फोन पर बातचीत की थी। उस समय किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई थी। परिजनों के अनुसार, बातचीत के करीब चार घंटे बाद रात लगभग 11 बजे ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें फोन किया गया। बताया गया कि महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई है। उसके मुंह से झाग निकल रहा है।

रात दो बजे मायके लाई गई महिला

ससुराल पक्ष की ओर से एंबुलेंस बुलाए जाने की बात सामने आई है। महिला को रात करीब दो बजे मायके लाया गया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस घर लेकर आए।

‘नाच-गाने से आगे बढ़ी ‘हफ्ता’ वसूली की होड़!’ फतेहपुर में किन्नरों के दो गुटों का ऐसा अश्लील तांडव

सुबह मायके वालों ने पुलिस को दी सूचना

शनिवार सुबह महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी। मायके वालों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हथगाम थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी और छिवलहा चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप

महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। मायके वालों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किस वजह से हुई।

कार गिरवी रख ऑनलाइन जुए में लाखों हारा, घर का सामान तक बेच डाला… फतेहपुर में सुबह पेड़ से लटका मिला युवक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

हथगाम थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  29 August 2026, 7:19 PM IST

Related News

Advertisement