हिंदी
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल क्षेत्र में कार से युवक को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे गणेश नामक युवक अपने एक दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान चार पहिया वाहन से पहुंचे दो लोगों ने किसी बात को लेकर उससे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोप है कि वाहन चालक ने गणेश को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
अब लापरवाही नहीं चलेगी… स्कूली वाहनों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जांच में खुलीं कई खामियां
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना रामगढ़ताल में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी विशाल सिंह पुत्र दिनेश सिंह, निवासी हरिहरपुर, थाना बांसगांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विशाल सिंह कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से लेकर 2026 तक हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी, मारपीट, धमकी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में 13 मुकदमे दर्ज हैं। इससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है।
यूपी वालों ध्यान दें! कल इन 55 जिलों पर मंडरा रहा बारिश और बिजली गिरने का खतरा, IMD का बड़ा अपडेट
गिरफ्तारी की कार्रवाई चौकी प्रभारी आजाद चौक उपनिरीक्षक आशुतोष राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उपेंद्र निर्मल, हेड कांस्टेबल हृदयेश कुमार सिंह तथा कांस्टेबल शुभम सिंह यादव की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 6 July 2026, 8:47 PM IST