श्रावणी मेले से पहले देवघर में क्या होने वाला था? पुलिस ने समय रहते खोला बड़ा राज

देवघर में श्रावणी मेले से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को हथियार, जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में लूट, छिनतई और देवीपुर हत्याकांड समेत कई वारदातों से जुड़े अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस अब पूरे अपराधी नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 July 2026, 8:17 PM IST
google-preferred

Deoghar : श्रावणी मेले से पहले देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र से पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 1800 रुपये नकद और चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अफसर ने बताया कि दोनों आरोपी राहगीरों से छिनतई की तैयारी कर रहे थे।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 5 जुलाई को मोहनपुर रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई और दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुले कई राज

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने देवघर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी, छिनतई, लूट और डकैती की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

देवीपुर हत्याकांड से जुड़े तार

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 18 जून को देवीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने की कोशिश के दौरान सुभाष मंडल उर्फ टिकू मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस हत्याकांड में भी गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

कांफ्रेंस हॉल के बड़े-बड़े दावे… मैदान में होगी अग्निपरीक्षा, देवघर में उमड़ने वाले सैलाब के लिए क्या है फुल प्रूफ प्लान?

कई जिलों में फैला अपराध का नेटवर्क

पुलिस के अनुसार आरोपी जसीडीह में मोबाइल और बाइक लूट, जमुई जिले में सीएसपी लूट तथा पथरड्डा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी जैसी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस इनके अन्य साथियों और पूरे अपराधी नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फोकस

श्रावणी मेले के दौरान हर दिन लाखों श्रद्धालु बाबा नगरी पहुंचते हैं। ऐसे में मेले से पहले हथियारबंद अपराधियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।

Location :  Deoghar

Published :  6 July 2026, 8:17 PM IST

Advertisement