हिंदी
कार्रवाई की मांग लेकर SSP कार्यालय पहुंचे परिजन (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में एक पांच माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति समेत सात ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण एसएसपी कार्यालय पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र के वलीदपुर निवासी बाबूराम के अनुसार, उनकी बेटी शालू की शादी 25 नवंबर 2024 को खतौली के सद्दीक नगर निवासी अंकुर के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर शालू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बेटी होने और पुत्र न होने को लेकर भी उसे ताने दिए जाते थे।
परिजनों के मुताबिक, 26 जून की शाम शालू ने फोन कर बताया कि उसे जबरन जहर पिला दिया गया है। यह कॉल परिवार के लिए आखिरी बातचीत साबित हुई।
ये कोई फिल्म नहीं, हकीकत है! खाड़ी देश में कमाई 58 लाख रुपये, लौटे तो मिला ऐसा धोखा कि उड़ गए होश
फोन मिलने के बाद परिजन तुरंत शालू को उपचार के लिए पल्लवपुरम स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि इलाज के दौरान 27 जून की तड़के उसकी मौत हो गई। बताया गया कि उस समय शालू पांच माह की गर्भवती थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों ने पूरे मामले को हत्या बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
मुजफ्फरनगर में सियासी हलचल : पीडीए अभियान बना सपा का मास्टर स्ट्रोक, मिला बड़ा सपोर्ट
मृतका के पिता ने अपनी तहरीर में पति अंकुर, सास बबीता, जेठ अनुज, ननद गुड़िया, ननद अनु, जेठ के पुत्र गोलू और नंदोई राजेश उर्फ फौजी सहित सात लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 July 2026, 7:06 PM IST