हिंदी
सपा कार्यालय पर कार्यक्रम
Muzaffarnagar : समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान के तहत संगठन विस्तार ने एक बार फिर सियासी माहौल गर्म कर दिया है। जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे पार्टियां अपने-अपने जनाधार को मजबूत करने में जुट गई हैं। इसी कड़ी में सपा कार्यालय पर हुए कार्यक्रम ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां पाल, कश्यप, अनुसूचित वर्ग और अन्य समाज के कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।
इस मौके पर पार्टी नेतृत्व ने संगठन विस्तार को आगे बढ़ाते हुए दो अहम नियुक्तियां भी कीं। रामपाल पाल को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव और अनुराग पाल को समाजवादी मजदूर सभा का प्रदेश सचिव बनाया गया। इन नियुक्तियों के बाद कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखने को मिला और दोनों नेताओं को मंच पर जोरदार स्वागत मिला।
मुजफ्फरनगर में सुबह-सुबह गोलियों की गूंज! पुलिस से भिड़ा 10 हजार का इनामी बदमाश, फिर हुआ बड़ा एक्शन
डॉ. सत्येंद्र पाल ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में पाल समाज के 18, अनुसूचित वर्ग के 2, कश्यप समाज के 3 और ठाकुर समाज के 1 व्यक्ति ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि पार्टी में अब उन लोगों को आगे लाया जा रहा है जो मेहनत और निष्ठा से काम कर रहे हैं।
डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि सभी नए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पीडीए समाज की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 July 2026, 5:41 PM IST