अब लापरवाही नहीं चलेगी… स्कूली वाहनों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जांच में खुलीं कई खामियां

महराजगंज में स्कूली वाहनों की जांच के दौरान यातायात पुलिस ने कई जरूरी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। अभियान में कुछ वाहन नियमों का पालन करते मिले तो कुछ पर कार्रवाई भी हुई। पुलिस ने चालकों और छात्रों को भी अहम हिदायतें दीं। आखिर जांच में क्या-क्या मिला, किन वजहों से वाहनों का चालान हुआ।

Mahrajganj: महराजगंज में यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान का मकसद बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्कूल वाहनों में जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच करना था। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में कई स्कूलों के पास वाहनों की गहन जांच की गई।

सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से हुई जांच

प्रभारी यातायात अनुनेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ अलग-अलग स्कूलों के आसपास पहुंचे और स्कूली बसों की फिटनेस, बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस ने यह भी देखा कि वाहन बच्चों की सुरक्षा के तय मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं।

चालकों को दी गई सख्त हिदायत

जांच के दौरान वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाए और बसों में हमेशा अग्निशामक यंत्र व पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध रहे। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस्तीफा मंजूर करो, नहीं तो कोर्ट में होगा फैसला! निलंबित PCS अलंकार ने मंडलायुक्त के सामने खोला मोर्चा, राम मंदिर पर भी उठाए सवाल

छात्रों को भी किया गया जागरूक

अभियान केवल वाहनों की जांच तक सीमित नहीं रहा। यातायात पुलिस ने स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। खासतौर पर बाइक से स्कूल आने वाले छात्रों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

तेज रफ्तार ने उजाड़ दिया घर! टेलर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, पीछे छोड़ गया बिलखता परिवार

15 हजार रुपये का जुर्माना

जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई। इन वाहनों का चालान करते हुए कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस ने साफ किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो और सभी वाहन निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हों।

Location :  Maharajganj

Published :  6 July 2026, 8:31 PM IST

Related News

Advertisement