हिंदी
गोरखपुर SSP कौस्तुभ की कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: सिकरीगंज थाना क्षेत्र में आठ अगस्त को हुई शिव कुमार तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में दो और आरोपियों के नाम बढ़ाए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल कुमार चतुर्वेदी को लाइन हाजिर कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने वीडियो बयान के माध्यम से बताया कि हत्या की घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके नाम मुकदमे में बढ़ाए हैं। इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Gorakhpur Wild Animal: पेड़ों के बीच दिखा ऐसा जीव कि मच गया हड़कंप, बिल्लियां भी करने लगीं शोर; वन विभाग ने खोला राज
पुलिस के मुताबिक, घटना की गंभीरता और आरोपियों द्वारा की गई क्रूरता को देखते हुए मामले में कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के कारण और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों को गंभीरता से लेते हुए सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल कुमार चतुर्वेदी को लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की भूमिका और लापरवाही की भी जांच की जा रही है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जनता की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Gorakhpur: गोरखपुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, फिर किया घिनौना काम; पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक
एसएसपी ने बताया कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की संभावनाओं को भी अमल में लाया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक विधिक प्रक्रिया और साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। शिव कुमार तिवारी हत्याकांड में पुलिस की लगातार कार्रवाई से आरोपियों में खलबली मची है। एसएसपी ने दो टूक कहा कि घटना में शामिल सभी दोषियों तक पुलिस पहुंचेगी और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 11 August 2026, 7:46 PM IST
Topics : Gorakhpur News UP Crime News UP News UP Police