गोरखपुर में बच्चे की मौत पर अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हादसे से हम सब आहत, BJP पर बड़ा पलटवार

गोरखपुर में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की जेसीबी की चपेट में आने से मौत के मामले ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले पर अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है। अखिलेश यादव ने घटना पर दुख जताया और भाजपा पर पलटवार किया। मामले में छह नामजद समेत 50-60 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 November 2026, 3:43 PM IST
google-preferred

Lucknow: गोरखपुर में चुनाव अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक बच्चे की मौत का मामला सुर्खियों में है।। जिस रथ यात्रा में अखिलेश यादव के स्वागत के लिए जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी जेसीबी के कारण 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

किशोर की मौत पर अखिलेश यादव ने क्या कहा?

गोरखपुर हादसे को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।" उन्होंने आगे बताया कि अपने लोगों से पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। अखिलेश के इस बयान को हादसे के बाद पार्टी की ओर से आई अहम प्रतिक्रिया माना जा रहा है।

दिल्ली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात टली; यूपी चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज

लखनऊ अग्निकांड का जिक्र कर भाजपा पर किया पलटवार

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में सिर्फ हादसे पर दुख नहीं जताया, बल्कि राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और उन्हें दी गई धमकी को याद रखें। उन्होंने आगे कहा कि शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।

क्या था पूरा मामला

दरअसल, बुधवार 18 नवंबर को अखिलेश यादव गोरखपुर में पीडीए रथ यात्रा निकाल रहे थे। यह यात्रा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में आयोजित की गई थी। इस दौरान सपा समर्थकों की ओर से अखिलेश यादव का स्वागत किया जा रहा था। स्वागत के लिए जेसीबी मशीन से फूल बरसाए जा रहे थे। इसी दौरान 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत सड़क पार कर रहा था। बताया गया कि वह अपनी बहन को लेने के लिए जा रहा था। तभी फूल बरसाने के लिए इस्तेमाल की जा रही जेसीबी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, JCB की चपेट में आकर एयरफोर्स केंद्रीय विद्यालय के छात्र की मौत

पिता की शिकायत पर FIR दर्ज

मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत की तहरीर पर गोरखपुर की एम्स थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में छह नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एफआईआर में जेसीबी चालक और रथ यात्रा से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

Location :  Lucknow

Published :  19 November 2026, 3:43 PM IST

Advertisement