पेड़ कटने से बचाया तो बहाया खून… कुल्हाड़ी के वार से लाल हुई छांव, हंसते-खेलते परिवार पर बरसाए धारदार हथियार

दरवाजे पर लगे नीम के पेड़ को काटने से रोकना परिवार को इतना भारी क्यों पड़ा कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया? जानिए पूरा मामला।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र के दुरई गांव में दरवाजे पर लगे नीम के पेड़ को काटने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पेड़ काटने से रोकने पर एक पक्ष के सात लोगों ने एकजुट होकर महिला समेत परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर गोला पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नीम का पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी तहरीर में दुरई गांव निवासी गुड्डी देवी पुत्री जोखन ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे उनके दरवाजे पर लगा नीम का पेड़ राजू पुत्र बेचन् काट रहा था। परिवार के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि राजू, प्रदीप पुत्रगण बेचन्, अमन और करन पुत्रगण विजय, सुमित पुत्र राजू तथा परमा पुत्र बेचन् और संध्या पत्नी राजू व सावित्री पत्नी बेचन् ने एकजुट होकर मारपीट शुरू कर दी।

ये भी पढ़े: Gorakhpur: काम के बीच चोरी का खेल! निर्माणाधीन मकान से मोबाइल उड़ाने वाले 2 चोर पुलिस के हत्थे चढ़े

महिला समेत परिवार के कई लोग घायल

तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने गुड्डी देवी, उनके पिता जोखन, बहन बबीता पत्नी जोखन और भाई दीपक पुत्र जोखन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। हमले में गुड्डी देवी की नाक कटने, उनके पिता का हाथ टूटने और बहन के सिर में गंभीर चोट लगने का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी बहन के कपड़े भी फाड़ दिए गए और आरोपी लगातार हमला करते रहे।

शोर सुनकर ग्रामीणों ने कराया बीच-बचाव

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद परिवार के सदस्यों की जान बच सकी। पीड़िता ने बताया कि उनके पिता करीब एक माह से लकवा से पीड़ित हैं। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है।

ये भी पढ़े: Gorakhpur Crime: पहले बेटी से छेड़खानी की, विरोध किया तो पूरे परिवार से करने लगे मारपीट

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

गोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 117(2), 324(4), 118(1) और 76 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 4:20 PM IST

Related News

Advertisement