हिंदी
गोरखपुर में चोरी की वारदात का खुलासा,
Gorakhpur: गोरखनाथ थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से भी चोरी और बरामदगी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों में हड़कंप मचा है।
पुलिस के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी।
इसी दौरान उपनिरीक्षक अनीश कुमार सिंह और उनकी टीम ने थाना गोरखनाथ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0332/2026 से संबंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल साहनी पुत्र शिव कुमार साहनी, निवासी पीपीगंज तिहरा, थाना पीपीगंज, हाल पता राजेंद्रनगर पूर्वी, भगवती चौराहा के पास, थाना गोरखनाथ तथा प्रदीप भारती पुत्र सुरेश भारती, निवासी बरगदवा, थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों ने एक वादी के निर्माणाधीन मकान से दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में तहरीर मिलने के बाद गोरखनाथ थाने में धारा 305A, 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने जांच और तलाश के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विशाल साहनी के खिलाफ गोरखनाथ थाने में वर्ष 2025 के दो मुकदमों समेत कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमें धारा 317(2) तथा 303(2)/317(2) बीएनएस के मुकदमे शामिल हैं। दूसरे आरोपी प्रदीप भारती का भी इसी मामले में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अनीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रिपुसूदन शुक्ला, कांस्टेबल अभिनेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल युवराज सिंह और रिजर्व कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 August 2026, 1:50 AM IST