हिंदी
कोलकाता हादसे की चश्मदीदों ने बताई आंखों देखी
Kolkata: कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में शनिवार को भगदड़ मच गई जिसमें करीब 17 लोगों की जान चली गई और कई लोग हताहत है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुर्गा पूजा समारोह में मौजूद चश्मदीदों ने इस हादसे का आंखों देखा हाल बयां किया है। दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। बारिश से बचने के लिए बाहर मौजूद लोग पंडाल के अंदर पहुंचने लगे। पहले से ही वहां काफी भीड़ थी। ऐसे में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। इसी बीच पंडाल का एक हिस्सा ढह गया और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में कैसे मची भगदड़, चश्मदीद ने बताई आंखों देखी
#kolkata #westbengal #durgapuja #stampede https://t.co/9PZFLQsLs6— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) October 17, 2026
घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद ने व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए कहा कि प्रवेश द्वार बहुत संकरा था और निकास द्वार भी बेहद संकरा था। सबसे बड़ी बात यह है कि उस जगह पर रोशनी का कोई इंतजाम नहीं था। इस लापरवाही ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। मेरी अपनी बेटी और पोती इस हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं।
उन्होंने कहा कि कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर लादकर ले जाया जा रहा था। मैंने अपने आस-पास यही सब होते देखा। जब लोग बेहोश हुए, तो उन्हें बाइकों पर बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। वहां भारी भीड़ थी और चारों तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी।
कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हादसा, पंडाल ढहने से मची भगदड़, करीब 17 लोगों की मौत, 40 घायल
एक अन्य शख्स सुब्रत चटर्जी ने बताया, "मेरे एक दोस्त की जान चली गई। भीड़ में वह कुचला गया। वह मेरे घर के पास ही रहता था।
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल ढहते ही मची चीख-पुकार, हादसे में 17 की मौत, 40 घायल
#kolkata #westbengal #durgapuja #stampede https://t.co/5TvfTQ34Oi— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) October 17, 2026
इस घटना के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में भीड़ को संभालने के इंतजाम पर सवाल उठ रहे हैं। जब पिछले तीन-चार दिनों से पंडाल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे, तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्या व्यवस्था की गई थी? बारिश के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने और उन्हें बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, यह भी अहम सवाल है।
TMC नेता कुणाल घोष ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तरी कोलकाता के चोरबागन पूजा पंडाल में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। जो श्रद्धालु घायल हुए हैं, उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया है।
हमारा साफ मानना है कि यह हादसा क्यों और कैसे हुआ, इसकी जांच बाद में होगी, लेकिन इस वक्त सबसे जरूरी लोगों की जान बचाना और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर चिकित्सा मुहैया कराना है। हमने प्रशासन से अनुरोध किया है और हमारे कार्यकर्ता भी पूरी तरह मदद में जुटे हैं।
Location : Kolkata
Published : 18 October 2026, 12:29 AM IST