मिर्जापुर के विंध्य महोत्सव में उमड़ा कला-संस्कृति का रंग, भदोही से मुंबई तक के कलाकारों ने दी प्रस्तुति

मिर्जापुर के विंध्याचल में विंध्य महोत्सव के छठे दिन लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल ने देवी चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न जिलों और मुंबई से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 17 October 2026, 9:20 PM IST
google-preferred

Mirzapur: मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल में नवरात्र मेले के दौरान आयोजित नौ दिवसीय विंध्य महोत्सव में लोक संस्कृति और कला की छटा देखने को मिली। महोत्सव के छठे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल ने देवी चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

इस अवसर पर विधायक रमाशंकर पटेल ने कहा कि क्षेत्र की कला और संस्कृति हमारी पहचान है। इसे संरक्षित और संवर्धित करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी प्रतिभा और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को जोड़ने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक ने कहा कि विंध्य महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों के साथ दूसरे प्रदेशों से आने वाले कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

भदोही से मुंबई तक के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

विंध्य महोत्सव के छठे दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विंध्य क्षेत्र की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां पेश की गईं। भदोही के दीनाथ तिवारी और दीपक मस्ताना ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मिर्जापुर के दयाराम यादव, पांचू पाल, बब्बलू राम दीवाना, रिंकी देवी, विद्यासागर, कमलेश कुमार पाल, हरिराम, रोली शर्मा, कुसुम किशोरी, दिनेश मौर्य और शांति निषाद ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

Saharanpur News: सफाई कर्मचारियों में क्यों मचा हड़कंप? सुकमा एंड संस के टेंडर को लेकर नगर निगम में प्रदर्शन

इसके अलावा वाराणसी की खुशबू गुप्ता और दीपक सिंह, लखीमपुर खीरी के रामपाल निषाद तथा मुंबई की एकता श्रीमाली ने भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। अलग-अलग स्थानों से आए कलाकारों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विविध सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कलाकारों को देवी चित्र, चुनरी और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विंध्य महोत्सव के मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और उनकी टीमों को सम्मानित किया गया। मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल और डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद ने कलाकारों को मां का देवी चित्र, चुनरी और प्रशस्ति पत्र भेंट किए।

सुलतानपुर में नारी सशक्तीकरण की नई पहल! स्वास्थ्य शिविर में 425 लाभार्थियों को मिला लाभ

कार्यक्रम का संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद से रूपेश श्रीवास्तव, अंजू मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रोताओं की उपस्थिति रही। विंध्य महोत्सव के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और क्षेत्र की लोक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिला।

Location :  Mirzapur

Published :  17 October 2026, 9:20 PM IST

Advertisement