हिंदी
भलोटिया मार्केट में थमा दवा कारोबार फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोरखपुर शहर के प्रमुख दवा व्यापारिक केंद्र भलोटिया मार्केट में बुधवार को देशव्यापी आह्वान के तहत दवा व्यापारियों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही भलोटिया मार्केट की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहीं और दोपहर 12 बजे तक पूरा बाजार लगभग ठप नजर आया। दवा व्यापारियों ने अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, मरीजों की सुरक्षा और छोटे केमिस्टों के संरक्षण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में दवा व्यापारी एक
दवा विक्रेता समिति गोरखपुर के अध्यक्ष योगेंद्र नाथ दुबे और मंत्री आलोक चौरसिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दवा व्यापारी एकत्र हुए। व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए “जनस्वास्थ्य बचाओ”, “अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करो” और “छोटे केमिस्टों को संरक्षण दो” जैसे नारों के साथ विरोध जताया। इसके बाद व्यापारी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना हुए।
मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा
दवा व्यापारियों का कहना है कि इंटरनेट के माध्यम से हो रही अनियंत्रित और कथित अवैध दवा बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। उनका आरोप है कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और घर-घर दवा वितरण जैसी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, इसके बावजूद कई ऑनलाइन कंपनियां वर्षों से दवाओं की बिक्री कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2018 की अधिसूचना GSR 817(E) तथा कोविड काल में लागू GSR 220(E) के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
गोरखपुर में सपा नेत्री Kajal Nishad समेत कई नेता House Arrest, सियासी माहौल गरम
दवा विक्रेता समिति ने चार प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखीं-अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक, बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन दवा बिक्री और होम डिलीवरी पर प्रतिबंध, संबंधित अधिसूचनाओं की वापसी तथा ऑनलाइन कंपनियों की अत्यधिक छूट और प्रीडेटरी प्राइसिंग पर रोक।
भलोटिया मार्केट में बंदी का पूरा असर
व्यापारियों ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान दवा विक्रेताओं ने निर्बाध दवा आपूर्ति कर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा था। ऐसे में छोटे केमिस्टों के हितों की रक्षा और जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। हड़ताल के दौरान भलोटिया मार्केट में बंदी का पूरा असर दिखाई दिया।
Location : गोरखपुर
Published : 20 May 2026, 2:05 PM IST