हिंदी
क्षतिग्रस्त कार
Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गजरौला क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार वैगनआर कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों में कार चालक मोहम्मद सलमान शामिल हैं, जो रामपुर के पंखेवालान गेट बमनपुरी इलाके के रहने वाले थे और टैक्सी चलाते थे। बताया गया कि दूसरे प्रदेश के पांच युवक दिल्ली जाने के लिए रामपुर पहुंचे थे, लेकिन उनकी ट्रेन छूट गई।
इसके बाद बुधवार सुबह सभी युवक वैगनआर कार से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सलमान उन्हें दिल्ली छोड़ने जा रहे थे।
सुबह करीब चार बजे ख्यालीपुर ढाल के पास कार अचानक आगे चल रहे अज्ञात वाहन में जा घुसी। हादसे में चालक सलमान समेत चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हसनैन और समेतुल इस्लाम घायल हो गए।
सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चौधरपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इनमें से तीन मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे कहां के रहने वाले थे और दिल्ली किस काम से जा रहे थे।
Location : Amroha
Published : 20 May 2026, 1:16 PM IST
Topics : Amroha Road Accident UP News WagonR