गोरखपुर : सरयू नदी कटान परियोजना का निरीक्षण, ग्रामीणों ने रखीं 4 बड़ी मांगें

गोरखपुर में सरयू नदी कटान रोकथाम परियोजना का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कार्यों की समीक्षा की, जबकि ग्रामीणों ने तटबंध, सड़क, मुआवजा और बिजली व्यवस्था सुधार की मांग रखी।

Gorakhpur : जिले में सरयू नदी के कटान से प्रभावित क्षेत्रों को बचाने के लिए चल रही करीब 21 करोड़ रुपये की तट संरक्षण परियोजना का मंगलवार को जिलाधिकारी और चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और प्रभावित गांवों की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।

परियोजना का निरीक्षण

जिलाधिकारी गोरखपुर और विधायक ने सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्व ग्राम ज्ञानकोल, पटना, बगहा, देवार और दिस्तौलिया में चल रहे कटान-रोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की गुणवत्ता और गति की समीक्षा भी की गई।

ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रधान हृदय शंकर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने चार प्रमुख मांगें रखीं। जिनमें सरयू नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र में स्थायी बोल्डर पिचिंग और मजबूत तटबंध निर्माण शामिल है।

गोरखपुर में पारिवारिक विवाद बना खौफनाक हादसा, देवर ने भाभी को छत से फेंका

फसल मुआवजा और सड़क की मांग

ग्रामीणों ने वर्ष 2024 की बाढ़ से प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित मुआवजा जल्द दिलाने की मांग की। साथ ही रामजानकी मार्ग से ज्ञानकोल तक क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग को पक्का और उच्चीकृत सड़क में बदलने की भी आवश्यकता जताई गई।

बिजली व्यवस्था सुधार की मांग

ग्रामीणों ने डेरवा पावर हाउस से पटनाघाट तक जर्जर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन, तार और खंभों को बदलने की मांग रखी। उनका कहना था कि खराब बिजली व्यवस्था के कारण मामूली मौसम में भी आपूर्ति बाधित हो जाती है। जिससे कई गांव प्रभावित होते हैं।

प्रशासन का आश्वासन

जिलाधिकारी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

ग्रामीणों की प्रतिक्रिया

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जनता ने कटान रोकथाम कार्यों पर संतोष जताया और मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 June 2026, 3:11 AM IST

Advertisement