हिंदी
थाना गोला (Img: Internet)
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बाजार से घर लौट रहे एक युवक पर रास्ते में घात लगाकर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने युवक को रोककर लाठी-डंडों और सरिया से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घायल युवक ने थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोला थाना अंतर्गत ग्राम चंदौली (नेवादा) निवासी शिवम मिश्रा पुत्र राम प्रताप मिश्रा गुरुवार को परसिया चौराहे से घरेलू सामान खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह लमतिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही शिवम शर्मा पुत्र विनोद शर्मा और विजय कुमार पुत्र राजू कुमार ने उन्हें रोक लिया।
मुजफ्फरनगर में मंत्री-विधायक विवाद बढ़ा, पंचायत में गरजे समर्थक; जानिये पूरा मामला
आरोप है कि शिवम शर्मा के हाथ में डंडा और विजय कुमार के पास लोहे की सरिया थी। इनके साथ दो अन्य अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे। सभी हमलावरों ने मिलकर शिवम मिश्रा पर अचानक हमला बोल दिया और डंडों, सरिया व लात-घूंसों से जमकर पिटाई करने लगे। हमले के दौरान युवक के सिर पर जोरदार वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही चक्कर खाकर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने जाते-जाते गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को संभाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित ने गोला थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दी। इस संबंध में थाना प्रभारी गोला के निर्देश पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों शिवम शर्मा, विजय कुमार समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3) व 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 19 March 2026, 12:05 PM IST