हिंदी
गोरखपुर में खेत बना जंग का मैदान
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के विशुनपुर राजा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर खेत में काम कर रहे चाचा-भतीजे पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने दोनों को पीछे से पकड़ लिया और लाठी-डंडों तथा लात-मुक्कों से जमकर पिटाई कर दी।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशुनपुर राजा गांव निवासी विश्वनाथ यादव पुत्र राम सते यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने भतीजे अजय यादव पुत्र परशुराम यादव के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के राम आशीष यादव पुत्र स्व. तप्पे यादव, विश्वास यादव उर्फ जबाल पुत्र राम आशीष यादव, अमूल यादव पुत्र राम आशीष यादव और विपुल यादव पुत्र रामरतन यादव वहां पहुंच गए।
तहरीर के मुताबिक, आरोपितों ने दोनों को पीछे से पकड़ लिया और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों के साथ लात-मुक्कों से भी मारपीट की गई। हमले में चाचा-भतीजे को चोटें आने की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब उन्होंने मारपीट का विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
अचानक हुए हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही पीड़ित पक्ष से घटना के संबंध में पूछताछ की।
इसके बाद विश्वनाथ यादव की तहरीर के आधार पर गोला पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 17 September 2026, 2:27 AM IST