हिंदी
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद गोरखपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। लगातार दूसरे दिन चले इस अभियान का नेतृत्व एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने किया। उनके साथ अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कई प्रमुख कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकांश कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। कई भवनों में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं थी, जबकि कई स्थानों पर अग्निशमन यंत्र या तो अनुपलब्ध मिले या उनकी स्थिति उपयोग योग्य नहीं थी।
कुछ संस्थानों में संकरे कमरों में क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाकर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने लापरवाही बरतने वाले संचालकों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से वर्षों से बिना मानकों के संचालित हो रहे कई कोचिंग संस्थानों में हड़कंप की स्थिति है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के नाम पर भारी शुल्क लेने वाले संस्थानों को सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करना चाहिए।
बिना पेट्रोल डीजल के कैसे दौड़ती है दुनिया की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जानिए पूरा राज
एडीएम सिटी ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं है, बल्कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सीलिंग की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 24 June 2026, 5:26 PM IST
Topics : Gorakhpur News Lucknow Fire UP News