Gorakhpur Accident: आमने-सामने बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत, PRD जवान भी शामिल

सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आमने-सामने दो बाइकों की भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिकरीगंज क्षेत्र के कोई बाजार अंतर्गत हरदत्तपुर के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गोरखपुर: सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आमने-सामने दो बाइकों की भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिकरीगंज क्षेत्र के कोई बाजार अंतर्गत हरदत्तपुर के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान रामलोचन (35) निवासी ग्रामसभा गोला ब्लॉक क्षेत्र तथा बबलू (30) निवासी बबनौली, थाना बेलघाट क्षेत्र के रूप में हुई है। रामलोचन प्रांतीय रक्षक दल (PRD) में तैनात थे और उनकी ड्यूटी सिकरीगंज थाना क्षेत्र में लगी थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदत्तपुर के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरे मृतक बबलू की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। वह बेलघाट थाना क्षेत्र के बबनौली गांव के रहने वाले थे। उनकी शादी उरुवा थाना क्षेत्र के चचाईराम गांव में हुई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि रामलोचन की मौत से PRD कर्मियों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ड्यूटी से घर लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार और परिचितों को झकझोर दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता जताई है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 August 2026, 6:44 PM IST

Advertisement