हिंदी
इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में शुक्रवार को एक छात्रा का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 21 वर्षीय दीप्ति यादव के रूप में हुई है। वह सईदुल्लापुर गांव, थाना बल्दीराय, जनपद सुल्तानपुर की रहने वाली थी।
दीप्ति GNM (General Nursing and Midwifery) के अंतिम सत्र की छात्रा थी और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
कॉलेज प्रशासन ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद मुंशीगंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा ने बताया कि छात्रा के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इंदिरा गांधी स्कूल ऑफ नर्सिंग का संचालन संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा किया जाता है। यह संस्थान अमेठी के मुंशीगंज स्थित संजय गांधी चिकित्सालय परिसर में स्थापित है।
ट्रस्ट की चेयरपर्सन सोनिया गांधी हैं, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इसके ट्रस्टी हैं।
Location : Amethi
Published : 28 August 2026, 5:57 PM IST