इंटरव्यू के बहाने निकला युवक, बियर पार्टी के बाद मारी गईं चार गोलियां, खून से सनी लाश देख मचा हड़कंप

गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बागपत निवासी 21 वर्षीय नितिन राणा का गोलियों से छलनी शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिवार ने गांव के दो युवकों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही है।

Updated : 28 May 2026, 10:16 AM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बंथला नहर के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। युवक की पहचान बागपत जिले के सिंघावली क्षेत्र स्थित डोला गांव निवासी नितिन राणा (21) के रूप में हुई है। नितिन यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थी।

युवक को 4 गोलियां मारी

पुलिस के मुताबिक युवक के सिर की कनपटी, सिर और सीने में चार गोलियां मारी गई थी। शव ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही लोनी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

Ghaziabad Murder Case: कांस्टेबल मर्डर मामले में 10 साल बाद आया नया मोड़, जानिए अब आरोपी के साथ क्या हुआ?

इंटरव्यू देने की बात कहकर निकला था घर से

परिजनों ने बताया कि नितिन बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह एक कंपनी में इंटरव्यू देने जा रहा है। परिवार के अनुसार उसका एक दोस्त उसे बागपत रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था। इसके बाद देर रात उसका शव लोनी क्षेत्र के सिकरानी गांव के पास नहर किनारे मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके से मिली बियर की केन और बैग

पुलिस ने घटनास्थल से बियर की चार केन और एक बैग बरामद किया है। माना जा रहा है कि हत्या से पहले युवक आरोपियों के साथ मौजूद था। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इलाके में गोली चलने की कोई आवाज नहीं सुनी। जिस जगह शव मिला, वहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिससे पुलिस को जांच में दिक्कत आ रही है। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और युवक के संपर्कों की जांच में जुटी है।

Ghaziabad News: खोड़ा में तेज रफ्तार कार ने दो मासूमों को रौंदा, चालक फरार; घटना CCTV में कैद

परिजनों ने गांव के दो युवकों पर जताया शक

नितिन के परिवार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि गांव के ही दो युवकों ने साजिश के तहत नितिन की हत्या की है। पुलिस इन आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस का क्या कहना है?

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Location :  Ghaziabad

Published :  28 May 2026, 10:16 AM IST

Advertisement