उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान से करोड़ों के लेनदेन में रुड़की की युवती गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर पुलिस का छापा

उत्तराखंड के रुड़की में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में आसफनगर से एक युवती को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 May 2026, 10:52 AM IST
google-preferred

Roorkee: उत्तराखंड के रुड़की से एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में बुधवार तड़के जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक खुफिया सूचना के आधार पर अचानक छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय नेटवर्क और पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध लेनदेन के गंभीर आरोपों में एक स्थानीय युवती को गिरफ्तार किया है।

हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से किसी भी तरह की नकदी बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला सीमा पार से होने वाले करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन (ट्रांजेक्शन) से जुड़ा हुआ है।

कठुआ में हुई गिरफ्तारी के बाद खुला रुड़की कनेक्शन

इस हाई-प्रोफाइल मामले के तार जम्मू-कश्मीर से जुड़े हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र की पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया था। उस आरोपी पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन करने और देश विरोधी गतिविधियों को हवा देने का गंभीर आरोप है। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने रुड़की के ग्राम आसफनगर की रहने वाली युवती 'सोनम' के नाम का खुलासा किया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत उत्तराखंड के लिए रवाना हो गई।

Big Breaking: उत्तराखंड से बड़ी खबर, बद्रीनाथ धाम के पास कंचन गंगा क्षेत्र में टूटा बड़ा ग्लेशियर

दो घंटे की मशक्कत के बाद हुई पहचान

रुड़की पहुंचने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सबसे पहले पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क साधा। स्थानीय पुलिस की मदद लेकर सुरक्षा बलों ने आसफनगर गांव में दबिश दी। बताया जा रहा है कि गांव में युवती की सटीक पहचान करने और उसका ठिकाना ढूंढने में पुलिस टीम को करीब दो से ढाई घंटे का लंबा समय लग गया।

पूरी तरह तस्दीक होने के बाद पुलिस ने सोनम को उसके घर से हिरासत में ले लिया। अचानक गांव में बाहरी राज्य की पुलिस और भारी बल देखकर परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके के ग्रामीण हैरान रह गए और गांव में हड़कंप मच गया।

पाकिस्तान से करोड़ों के ट्रांजेक्शन की चर्चा

गिरफ्तारी के बाद खुफिया और स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने युवती से बंद कमरे में लंबी पूछताछ की। चर्चा है कि युवती पिछले काफी समय से पाकिस्तान के जरिए होने वाले बड़े और संदिग्ध नकदी ट्रांजेक्शन के इस संगठित नेटवर्क का हिस्सा थी।

शुरुआती कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ पूरी करने के बाद, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय कोर्ट से युवती का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे रुड़की क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है।

उत्तराखंड के जंगलों में धधकती आग ने ली जान, चमोली में 70 मीटर गहरी खाई में गिरा फायर वाचर, रेस्क्यू टीम को मिला शव

स्थानीय पुलिस ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

इस पूरे मामले पर कलियर कोतवाली के एसएचओ (SHO) कमल मोहन भंडारी ने आधिकारिक बयान देते हुए बताया कि यह पूरा प्रकरण जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक संवेदनशील मामले से संबंधित है। चूंकि मामला दूसरे राज्य की पुलिस का था, इसलिए स्थानीय पुलिस ने नियमानुसार उन्हें केवल सीमित सहयोग और सुरक्षा बैकअप प्रदान किया।

उन्होंने युवती की गिरफ्तारी और ट्रांजिट रिमांड की पुष्टि की है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस मामले में देश की कुछ अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां भी शामिल हो सकती हैं, जो यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि इस पैसे का इस्तेमाल कहीं टेरर फंडिंग के लिए तो नहीं किया जा रहा था।

Location :  Roorkee

Published :  28 May 2026, 10:47 AM IST

Advertisement