हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Internet)
Patiala: पंजाब के थाना खेड़ी गंडियां के अंतर्गत आने वाले गांव मंडौली में एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नहर में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए बच्चों के सगे माता-पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी जरनैल सिंह भुल्लर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिता हरप्रभजोत सिंह और मां जसविंदर कौर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर पुलिस ने सबसे पहले मृतक बच्चों के मामा बलकार सिंह (निवासी गांव मिराजपुर) के बयान दर्ज किए थे। बलकार सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्चों के दादा स्वर्ण सिंह, दादी गुरमेल कौर (निवासी गांव मौजपुर, मोहाली), बुआ अमनदीप कौर, एकमदीप कौर (निवासी खरड़) और किरनजोत कौर के खिलाफ भी मामला नामजद किया है। मामा का आरोप है कि इन सभी लोगों ने उनकी बहन और जीजा को आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने के लिए मजबूर किया था। हालांकि, ससुराल पक्ष के इन पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
शिकायतकर्ता बलकार सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन जसविंदर कौर की शादी हरप्रभजोत सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही जसविंदर के ससुर स्वर्ण सिंह और सास गुरमेल कौर अपनी बेटियों के भड़काने पर अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। करीब चार महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर मारपीट हुई थी, जिसके बाद सामाजिक स्तर पर राजीनामा कराया गया था। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, जिससे तंग आकर पति-पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में 1265 क्लर्क भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ा मौका, जानिए पूरी प्रक्रिया
मिली जानकारी के अनुसार, 24 मई की सुबह करीब नौ बजे हरप्रभजोत और जसविंदर कौर अपने तीनों बच्चों एकमजोत (14 वर्ष), मुस्कान (12 वर्ष) और राजबीर कौर (8 वर्ष) को मोटरसाइकिल पर बैठाकर मंडौली गांव के पास नहर पर पहुंचे। वहां उन्होंने ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से परेशान होकर सुसाइड करने से संबंधित एक वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद माता-पिता ने अपने तीनों बच्चों के साथ नहर में छलांग लगा दी।
घटना को देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और पानी में डूब रहे हरप्रभजोत और उसकी पत्नी जसविंदर कौर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, तीनों मासूम बच्चे एकमजोत, मुस्कान और राजबीर कौर पानी के तेज बहाव में बह गए और डूबने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने अब इस मामले में बच्चों की मौत के लिए माता-पिता को जिम्मेदार मानते हुए हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Patiala
Published : 28 May 2026, 11:51 AM IST