गंगा एक्सप्रेसवे पर भयानक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो सवार 3 लोगों की दर्दनाक मौत

गंगा एक्सप्रेसवे पर जम्मू-कश्मीर से लौट रहे लखनऊ के परिवार की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 8 लोग घायल हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 June 2026, 2:26 PM IST
google-preferred

Lucknow: गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लखनऊ के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जम्मू-कश्मीर से घूमकर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि चमड़ा कारोबारी अबू बकर, उनकी भाभी हिना और 15 वर्षीय भांजी जुनैरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी बताई जा रही है।

छुट्टियां मनाकर लौट रहा था परिवार

लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित नक्खास के रहने वाले अबू बकर अपने परिवार के साथ बच्चों की स्कूल की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे। परिवार एक जून को यात्रा पर निकला था और मंगलवार रात वापसी के लिए रवाना हुआ था। बुधवार सुबह जब उनकी स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी अचानक वाहन नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से जा टकराया। हादसे के समय अबू बकर स्वयं वाहन चला रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर

हादसाग्रस्त स्कॉर्पियो के पीछे चल रही दूसरी कार में सवार तौकीर ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे स्कॉर्पियो अचानक डगमगाई और तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। घायलों ने भी पुलिस को बताया कि चालक को संभवतः नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया था।

कई सदस्य घायल, तीन की हालत गंभीर

हादसे में अबू बकर की पत्नी कुलसुम, भाई मोहम्मद उमर, भांजियां सिदरा और हनिया, हिना का बेटा मोहम्मद तथा अन्य परिजन घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और राहत टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घर पहुंची मौत की खबर, छाया मातम

हादसे की सूचना जैसे ही लखनऊ स्थित परिवार के घर पहुंची, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पहुंचने लगे। घर का माहौल गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार के कुछ सदस्य तत्काल संभल के लिए रवाना हो गए हैं, जबकि घर पर मौजूद लोग मृतकों के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं।

लंबी यात्रा में थकान बनी जानलेवा

यह हादसा एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार कई घंटे वाहन चलाने से चालक को नींद की झपकी आ सकती है, जो बड़े हादसों का कारण बनती है। एक पल की लापरवाही ने इस परिवार से तीन अपनों को हमेशा के लिए छीन लिया और खुशियों से भरी यात्रा को मातम में बदल दिया।

Location :  Lucknow

Published :  11 June 2026, 2:26 PM IST

Related News

Advertisement