हिंदी
6 साइबर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Etawah: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इटावा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना और भरथना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने और साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फर्जी पहचान और बनावटी पदनाम का इस्तेमाल कर आम लोगों को फोन करते थे। वे खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देते थे और डर का माहौल बनाकर उनसे रुपये ऐंठ लेते थे। इस तरह आरोपी लोगों को मानसिक रूप से दबाव में लेकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
Etawah: “आलू की बात मत करो…”: किसानों के गुस्से के पीछे क्या है असली वजह?
संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड तथा 24,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इन मोबाइल फोन और सिम कार्डों के जरिए गिरोह के नेटवर्क और ठगी के अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव की निगरानी में साइबर थाना और भरथना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
प्रारंभिक जांच में गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई। इसके अलावा बरामद एटीएम कार्ड और मोबाइल डेटा के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।
Etawah News: खेलने निकले दो मासूमों के खेत में मिले शव, आखिर मौत कैसे हुई? जांच में जुटा प्रशासन
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को किसी जांच एजेंसी, क्राइम ब्रांच या पुलिस अधिकारी बताकर फोन पर डराने, धमकाने या रुपये की मांग करता है तो उसकी बातों में न आएं। ऐसे मामलों की तत्काल सूचना स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। @internal
Location : Etawah
Published : 13 June 2026, 7:40 PM IST