हिंदी
गोरखपुर के रकौली गांव में कंबल वितरण के साथ लोकतांत्रिक जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। जहां ठंड से राहत और वोट के अधिकार का संदेश एक साथ दिया गया।
कंबल वितरण कार्यक्रम
Gorakhpur: कड़ाके की ठंड में जब गरीबों के लिए रात काटना मुश्किल हो जाता है तब राहत किसी सहारे से कम नहीं होती। गोरखपुर के खजनी क्षेत्र के रकौली गांव में बुधवार को ऐसा ही सहारा देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव की माता की 40वीं पूर्णतिथि पर आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से बचाव मिला और गांव में सेवा व जागरूकता का माहौल बना।
ग्राम सभा रकौली में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम इस बार भी बड़े पैमाने पर हुआ। सुबह से ही गांव और आसपास के इलाकों से जरूरतमंद महिला-पुरुष आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे थे। कड़ाके की ठंड के बीच लगभग 300 लोगों को कंबल बांटे गए। खासतौर पर विधवा महिलाएं, बुजुर्ग और बेहद गरीब परिवार प्राथमिकता में रहे। जैसे-जैसे कंबल मिलते गए, लोगों के चेहरों पर राहत और सुकून साफ दिखाई देता रहा।
यह आयोजन कोई पहली बार नहीं था। प्रह्लाद यादव की ओर से हर वर्ष उनकी माता की पुण्यतिथि पर इस तरह का सेवा कार्यक्रम किया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सिर्फ कंबल बांटना नहीं, बल्कि उस भरोसे को जिंदा रखना है। जो संकट के वक्त गरीबों को सहारा देता है। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। जिससे पूरा गांव एकजुट नजर आया।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि वोटर लिस्ट में नाम होना कितना जरूरी है। मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और इसमें नाम न होना भविष्य में बड़ी परेशानी बन सकता है। ग्रामीणों को फार्म-6 भरने, नए मतदाता बनने और कटे नाम दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई। बीएलओ से संपर्क करने की सलाह दी गई।