हिंदी
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद घना कोहरा और सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।


उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद ठंड और कोहरे ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को खासा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (Img: Google)



प्रदेश में फिलहाल उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं बह रही हैं, जिससे सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। बीते 24 घंटों में उत्तर प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो बाराबंकी में दर्ज हुआ। हालांकि दिन में कई इलाकों में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। (Img: Google)



मौसम विभाग के अनुसार सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। (Img: Google)



IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। 6 फरवरी को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद किसी बड़े मौसम अलर्ट की संभावना नहीं जताई गई है। (Img: Google)



मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में कोहरे की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। (Img: Google)



8 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी राज्यों में मौसम बदल सकता है। हालांकि इस सिस्टम का उत्तर प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा। यूपी में 8 से 10 फरवरी के बीच मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। (Img: Google)
