हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Firozabad: फिरोजाबाद जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही बेटी की हत्या कर दी, जबकि पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राकेश राठौर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि गुस्से में उसने अपनी बेटी मुस्कान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि मुस्कान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार के भीतर हुई इस दर्दनाक घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
टोहाना में मौत का सफर: 52 सीटर बस खेत में पलटी, 3 की मौत और 20 घायल, आखिर कैसे हुआ ये भीषण हादसा?
बेटी पर हमला करने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को भी नहीं छोड़ा। जानकारी के अनुसार उसने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शादी का झांसा, जिस्मानी संबंध और गर्भपात… वर्दी की आड़ में युवती के साथ घिनौना खेल!
इस घटना के बाद नीलकंठ कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर हैरान हैं। लोगों का कहना है कि परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी को अंदाजा नहीं था कि घर के भीतर इतना बड़ा विवाद चल रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
Location : Firozabad
Published : 15 June 2026, 1:33 PM IST