त्योहार पर घर जाना अब होगा थोड़ा आसान! यूपी-बिहार से दिल्ली-मुंबई तक रेलवे ने चलाईं 4 स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और तारीख

त्योहारी सीजन में घर जाने वालों के लिए रेलवे ने चार स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। दिल्ली से बिहार, उत्तराखंड से बिहार और दिल्ली से मुंबई तक चलने वाली इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त सफर विकल्प मिलेगा। कुछ ट्रेनें रोजाना तो कुछ साप्ताहिक चलेंगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 September 2026, 8:57 PM IST
google-preferred

New Delhi: त्योहारों के मौसम में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए चार रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया गया है। इन ट्रेनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के यात्रियों को सफर में सुविधा मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इन चार ट्रेनों में कुछ रोजाना, जबकि कुछ तय दिन पर चलेंगी।

आनंद विहार से लौकहा बाजार तक रोजाना ट्रेन

रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 04014/04013 आनंद विहार टर्मिनल और लौकहा बाजार के बीच चलाई जाएगी। आनंद विहार से यह ट्रेन 16 सितंबर से 29 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान इसके कुल 75 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं।वापसी में लौकहा बाजार से ट्रेन 17 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगी। ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।

इस ट्रेन के रास्ते में गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी और झंझारपुर समेत कई प्रमुख स्टेशन आएंगे।

ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर के लिए साप्ताहिक स्पेशल

दूसरी ट्रेन 04314/04313 योग नगरी ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर जंक्शन के बीच चलेगी। ऋषिकेश से इसकी सेवा 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक रहेगी। इस अवधि में ट्रेन के 9 ट्रिप होंगे। यह ट्रेन हर रविवार ऋषिकेश से रवाना होगी, जबकि वापसी में हर सोमवार मुजफ्फरपुर से चलेगी। मुजफ्फरपुर से इसकी सेवा 5 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

ये भी पढ़ें- Pratapgarh News: घर से 200 मीटर दूर मिले पति-पत्नी, दोनों की मौत; जेब से मिले नोट ने खोला राज

ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच होंगे। इसके रूट में हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर जैसे स्टेशन शामिल हैं।

दिल्ली से मुंबई जाने वालों को भी राहत

त्योहारी सीजन में दिल्ली-मुंबई रूट पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन-दादर के बीच भी रिजर्व्ड सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 04002/04001 हजरत निजामुद्दीन से 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके 7 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं। वापसी में दादर से यह ट्रेन 15 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी।

हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन मंगलवार को और दादर से गुरुवार को चलेगी। रास्ते में मथुरा, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली समेत कई स्टेशनों पर ठहराव होगा। इसमें AC कोच उपलब्ध रहेंगे।

आनंद विहार-पाटलिपुत्र ट्रेन भी चलेगी रोज

चौथी स्पेशल ट्रेन 04096/04095 आनंद विहार टर्मिनल और पाटलिपुत्र के बीच चलेगी। आनंद विहार से इसकी सेवा 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक और पाटलिपुत्र से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक रहेगी। दोनों दिशाओं में इसके 60-60 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं और यह ट्रेन रोजाना संचालित होगी। इसमें AC, स्लीपर और जनरल कोच रहेंगे।

ये भी पढ़ें- जिस घर में सफाई और खाना बनाने आते थे, वहीं कर दी चोरी! बेलघाट में दो आरोपी गिरफ्तार, जमीन में गड़े मिले जेवर और नकदी

इस ट्रेन के रूट में गाजियाबाद, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा और दीघवारा समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

यात्रियों को भीड़ से राहत की उम्मीद

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में इन चार स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होने और यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने की उम्मीद है। यात्रियों के लिए खास बात यह है कि इन ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।

Location :  New Delhi

Published :  9 September 2026, 8:57 PM IST

Related News

Advertisement